Bilaspur Train Accident: बिलासपुर में बड़ा रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन मालगाड़ी पर चढ़ी – 6 की मौत, कई घायल

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के लालखदान स्टेशन के पास सोमवार शाम बड़ा रेल हादसा हो गया। हावड़ा रूट पर चल रही कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक हिस्सा मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया।

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी बचाव कार्य में जुट गए। अब तक छह लोगों की मौत और 12 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अस्पतालों में घायलों का इलाज किया जा रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद पूरे हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर परिचालन ठप हो गया है। कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ का रूट डायवर्ट किया गया है। रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया है।

मुआवजे की घोषणा:

रेल मंत्रालय ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5 लाख रुपये, और सामान्य घायलों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

हादसे की वजह क्या?

फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिग्नल या तकनीकी गड़बड़ी इसकी वजह हो सकती है।

यात्रियों और परिजनों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर:

बिलासपुर – 7777857335, 7869953330

चांपा – 8085956528

रायगढ़ – 9752485600

पेंड्रा रोड – 8294730162

कोरबा – 7869953330

उसलापुर – 7777857338

रेल प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी यात्रियों को राहत एवं सहायता प्रदान की जा रही है।

Share this

You may have missed