बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: 10 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव
Share this
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के पांच साल बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। जया सांडे नाम की महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की, जिसके बाद दस दिन बाद कब्र खोलकर शव को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, जया सांडे की शादी पांच वर्ष पूर्व अर्जुन सांडे से हुई थी। 27 नवंबर को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दी और उनकी मौजूदगी में अंतिम संस्कार भी कर दिया था।
लेकिन मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि जया की हत्या की गई है। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों के आवेदन पर, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। अब रविवार को सिम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
