Bilaspur Scam: चावल वितरण में बड़ा खेल—वेयरहाउस में ‘वजन का घोटाला’, हर ट्रक में 130 किलो तक हेराफेरी!…NV News

Share this

NV News – Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चावल वितरण प्रणाली में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां वेयरहाउस स्तर पर ही ‘वजन का खेल’ पकड़ा गया है। जांच में सामने आया कि हर ट्रक में औसतन करीब 130 किलो तक चावल कम पाया गया, जिससे पूरे सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका गहराने लगी है।

प्राथमिक जांच के दौरान अधिकारियों ने जब चावल से भरे ट्रकों और बोरीयों का वजन कराया, तो निर्धारित मात्रा से कम स्टॉक पाया गया। यह गड़बड़ी केवल एक-दो जगह तक सीमित नहीं बल्कि व्यवस्थित तरीके से किए जा रहे हेरफेर की ओर इशारा कर रही है। ऐसे मामलों में पहले भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में धान और चावल की कमी को लेकर कार्रवाई हो चुकी है।

सूत्रों के अनुसार, वेयरहाउस में स्टॉक एंट्री और वास्तविक वजन के बीच अंतर पाया गया है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वितरण से पहले ही अनाज में कटौती की जा रही थी। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अगर गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।

Share this