Bilaspur News: मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी पर बवाल, बिना अनुमति आयोजन पर पुलिस की कार्रवाई

Share this

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मंदिर परिसर में आयोजित क्रिसमस पार्टी को लेकर विवाद गहरा गया है। बिना प्रशासनिक अनुमति के हुए इस आयोजन से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने आयोजन समिति के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, ईसाई समुदाय की नवजीवन सेवा समिति द्वारा मंदिर परिसर में क्रिसमस पार्टी आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में नॉनवेज भोजन और गिफ्ट वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजन की सूचना मिलते ही स्थानीय हिंदू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और इसे मंदिर की पवित्रता के उल्लंघन का मामला बताया।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि बिना अनुमति धार्मिक स्थल का उपयोग निजी कार्यक्रम के लिए किया गया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। विरोध के दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी गई, जिसके आधार पर प्रारंभिक जांच की गई। शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आयोजकों पर धारा 151 के तहत कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी सार्वजनिक या धार्मिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति अनिवार्य होती है। बिना अनुमति ऐसे आयोजन से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आयोजकों से अनुमति से जुड़े दस्तावेजों को लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्क है। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और भविष्य में किसी भी आयोजन से पहले विधिवत अनुमति लेने की अपील की है।

 

Share this

You may have missed