Bijapur Naxal Encounter: बीजापुर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, कई नक्सली ढेर
Share this
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के ताराला गुड़ा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ अन्नारम और मरिमल्ला गांव के बीच हुई, जो ताराला गुड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सुरक्षाबलों ने इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई, जिसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को इस ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभियान अभी जारी है और मुठभेड़ स्थल से सटी कई जगहों पर जवान सर्चिंग अभियान चला रहे हैं। क्षेत्र में हालात को देखते हुए अतिरिक्त बल भी तैनात कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितने नक्सली मारे गए हैं या घायल हुए हैं। फिलहाल आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
