बिहार विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 14.55% मतदान, 122 सीटों पर जारी वोटिंग
Share this
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गई। राज्य के 122 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे मतदान के दौरान सुबह 9 बजे तक 14.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें से 5.28 लाख से ज्यादा युवा पहली बार वोट डाल रहे हैं।
इस चरण में कुल 1,95,44,041 पुरुष और 1,74,68,572 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
किन जिलों में हो रही है वोटिंग:-
गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है।
मधुबनी जिले में 10 विधानसभा सीटों के लिए 3,882 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में कुल 31,23,747 मतदाता हैं, जिनमें 16,55,417 पुरुष और 14,68,190 महिलाएं शामिल हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में 3 महिला मतदान केंद्र और 23 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों पर लाइव वेबकास्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
वहीं, किशनगंज जिले के बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज और कोचाधामन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,25,959 मतदाता वोट डाल रहे हैं। जिले में 1,366 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 363 को क्रिटिकल घोषित किया गया है। प्रत्येक बूथ पर औसतन 1,200 मतदाताओं को निर्धारित किया गया है और CAPF के जवानों की तैनाती की गई है।
1302 उम्मीदवार मैदान में:-
दूसरे चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को लेकर इस चरण में सुरक्षा, पारदर्शिता और तकनीकी निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया है।
शांति और पारदर्शिता पर फोकस:-
चुनाव आयोग के अनुसार, जिन मतदान केंद्रों को संवेदनशील या अति-संवेदनशील घोषित किया गया है, वहां CCTV निगरानी, वेबकास्टिंग और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हिंसा की संभावना न रहे।
