लापरवाही की हद: भाठागांव ओवरब्रिज के पास फटी मेन पाइपलाइन, सूचना के बाद भी नहीं जागा निगम अमला, बहा हजारों लीटर पानी!…NV News

Share this

NV News Raipur: राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में नगर निगम की बड़ी लापरवाही और उदासीनता का एक गंभीर मामला सामने आया है। भाठागांव ओवरब्रिज के पास मंगलवार रात अचानक पेयजल सप्लाई करने वाली एक मुख्य (मेन) पाइपलाइन पूरी तरह से फट गई। पाइपलाइन फटने की वजह से तेज रफ्तार के साथ सड़कों पर हजारों लीटर पीने का साफ पानी बह गया और देखते ही देखते मुख्य मार्ग ने किसी तालाब का रूप ले लिया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही समय में मुख्य सड़क के साथ-साथ आस-पास की रिहायशी कॉलोनियों में भी जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने तुरंत सजगता दिखाते हुए इसकी सूचना नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित विभाग की टीम को दी। लेकिन पानी की इस भीषण बर्बादी और जनता की परेशानी के बावजूद निगम प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों को घटना की पूरी जानकारी समय पर मिल चुकी थी, इसके बावजूद देर रात तक निगम की कोई भी तकनीकी टीम या जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर मरम्मत कार्य के लिए नहीं पहुंचा। निगम अमले की इस घोर लापरवाही के कारण पूरी रात अमूल्य पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद होता रहा।

अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने और मुख्य वाल्व को समय पर बंद न किए जाने से देर रात तक पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका। सड़कों और कॉलोनियों में पानी भर जाने के कारण देर रात आने-जाने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और दुर्घटना की स्थिति बनी रही। इस घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में नगर निगम रायपुर के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक तरफ गर्मी के मौसम में शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी रहती है, वहीं दूसरी तरफ निगम की लापरवाही से इस तरह हजारों लीटर पानी का बर्बाद होना बेहद शर्मनाक है।

Share this

You may have missed