छत्तीसगढ़ में आवास क्रांति की शुरुआत: CM विष्णु देव साय ने 2060 करोड़ की 55 हाउसिंग परियोजनाओं का शुभारंभ

Share this

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की 55 नई आवासीय परियोजनाओं की नींव रखी। ये परियोजनाएं राज्य के 26 जिलों में शुरू होंगी, जिनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती और गुणवत्तापूर्ण मकानों का निर्माण किया जाएगा।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने हाउसिंग बोर्ड के एआई चैटबॉट और नए पोर्टल का भी लोकार्पण किया, जिसके माध्यम से उपभोक्ताओं को सभी परियोजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की वर्तमान टीम बेहतरीन कार्य कर रही है और राज्य सरकार लोगों को किफायती व गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर नवाचार कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रुपये के कर्ज का भुगतान कर उसे कर्जमुक्त कर दिया है, जिससे बोर्ड अब बेहतर रणनीति के साथ काम कर सकेगा।

साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में 26 लाख आवासों की मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार आवास और बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों व नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आवास बुकिंग प्रमाण पत्र, फ्री-होल्ड मकान प्रमाण पत्र और हाउसिंग बोर्ड उपभोक्ताओं को आवास की चाबियां वितरण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मेला शुरू होते ही इतनी भीड़ उमड़ी कि सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जो मेले की लोकप्रियता दर्शाती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने के लिए बजट में 14 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल से हाउसिंग बोर्ड पर से 790 करोड़ का कर्ज हट चुका है और पिछले एक वर्ष में बोर्ड ने 672 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। उन्होंने कहा कि अब हाउसिंग बोर्ड उपभोक्ताओं की मांग के आधार पर परियोजनाएं शुरू करेगा।

हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि बोर्ड जल्द ही राज्य के सभी जिलों और आगे चलकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में नई परियोजनाएं लॉन्च करेगा।

गौरतलब है कि यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवंबर तक चलेगा। पहले ही दिन हाउसिंग परियोजनाओं की जानकारी लेने और आवास बुक कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शंकर नगर से खम्हारडीह तक जाम की स्थिति बन गई।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, अनुराग सिंहदेव, मोना सेन, जतीन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed