Bastar Humanitarian News: कीचड़ और दुर्गम रास्तों के बीच नक्सल पीड़ित परिवारों तक पहुंचे डॉ. प्रेमा साईं, आर्थिक मदद के साथ बेटी की शादी का उठाया जिम्मा…NV News

Share this

NV News बीजापुर। बस्तर के दुर्गम और अंदरूनी इलाकों में बारिश, कीचड़ और खराब रास्तों की चुनौतियों के बीच मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमा साईं महाराज नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। यमपुर (पामेड़) से नेलाकांकेर तक की यात्रा के दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल जाना और उन्हें आर्थिक सहायता के साथ जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई। कठिन रास्तों के बावजूद उन्होंने ग्रामीणों के बीच समय बिताया और उनकी समस्याएं सुनीं।

यमपुर पहुंचने के दौरान बारिश और कीचड़ के कारण काफिले को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक वाहन कीचड़ में फंस गया, जबकि दूसरी गाड़ी खराब हो गई। इसके बावजूद यात्रा जारी रही। यमपुर में डॉ. प्रेमा साईं ने नक्सल हिंसा में वर्ष 2025 में जान गंवाने वाले सुन्नम सम्मैया और वेक्को संदीप के परिवारों से मुलाकात की। दोनों परिवारों को 21-21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। महिलाओं को साड़ी तथा बच्चों को कपड़े, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स और चप्पल भी वितरित की गईं।

इसके बाद नेलाकांकेर में उन्होंने वर्ष 2026 में नक्सल हिंसा में मारे गए तिरुपति सोढ़ी के परिवार से मुलाकात की। उनकी पत्नी शांति और पांच बच्चों की स्थिति जानने के बाद 31 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसी दौरान उन्होंने तिरुपति सोढ़ी की बेटी संध्या की शादी का पूरा खर्च स्वयं उठाने और कन्यादान करने की घोषणा की। वहीं 23 वर्षीय रवि कट्टम के परिवार से भी मुलाकात कर 31 हजार रुपये की सहयोग राशि दी गई। बच्चों को स्कूल बैग, कपड़े, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स और चप्पलें दी गईं। कुछ बच्चों को उन्होंने स्वयं चप्पल पहनाई।

ग्रामीणों के बीच बैठकर भोजन करने और उनकी समस्याएं सुनने के दौरान डॉ. प्रेमा साईं ने कहा कि नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि अपनत्व और भावनात्मक सहारे की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि वे अकेले नहीं हैं और समाज उनके साथ खड़ा है। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के शांति एवं विकास के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बस्तर में सामान्य जीवन की उम्मीद मजबूत होने की बात कही।

Share this

You may have missed