छत्तीसगढ़ में 513 नए 4G टावरों को मिली मंजूरी, नक्सल प्रभावित इलाकों में तेज होगी डिजिटल क्रांति: सीएम विष्णु देव साय

Share this

रायपुर। डिजिटल भारत निधि के अंतर्गत केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में बीएसएनएल के माध्यम से 513 नए 4G मोबाइल टावर स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास के साझा प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह फैसला नक्सल उन्मूलन की दिशा में चल रहे प्रभावी प्रयासों की एक मजबूत कड़ी है। सुरक्षा बलों की निरंतर कार्रवाई और प्रशासनिक समन्वय से जिन क्षेत्रों में स्थायित्व स्थापित हुआ है, वहां अब विकास और डिजिटल कनेक्टिविटी का विस्तार सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन 4G मोबाइल टावरों की स्थापना से सुदूर और दुर्गम इलाकों में रहने वाले नागरिकों को पहली बार भरोसेमंद मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्रशासनिक सेवाओं और आपातकालीन संचार को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार से वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिलेगा। मजबूत मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं, डीबीटी, यूपीआई, बीमा, पेंशन और अन्य डिजिटल सुविधाएं आम जनता तक सहज रूप से पहुंच सकेंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह पहल “डिजिटल इंडिया” के उस मूल उद्देश्य को साकार करती है, जिसमें विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प निहित है। इससे स्थानीय युवाओं को डिजिटल माध्यमों से नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा के साथ विकास को प्राथमिकता दे रही है। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी विजन के अनुरूप केंद्र के साथ मिलकर राज्य के हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ को डिजिटल रूप से सशक्त, सुरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Share this