अकलतरा पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी की वारदात का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 लाख नकद–जेवरात जब्त
Share this
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई लगातार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। थाना अकलतरा व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये नकद, सोने–चांदी के जेवरात, 28 चांदी के सिक्के, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक ऑटो जब्त किया गया है। दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय सुनसान इलाकों को निशाना बनाकर चोरी को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी किशन कश्यप पहले प्रार्थी के घर में पुताई का काम कर चुका था और इसी दौरान उसने घर व दुकान की रेकी कर ली थी।
गिरफ्तार आरोपी
सुभाष रगड़े पिता स्व. रति रगड़े (उम्र 21 वर्ष)
अफरोज खान पिता समीम खान (उम्र 30 वर्ष)
राजेश रगड़े पिता सुरेंद्र रगड़े (उम्र 40 वर्ष)
अनिल साहू पिता शत्रुघ्न साहू, निवासी संजय नगर अकलतरा (उम्र 34 वर्ष)
दो आरोपी — किशन कश्यप और राजेश सिदार अभी फरार हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
23 नवंबर को प्रार्थी अर्चित अग्रवाल ने FIR दर्ज कराई कि वे परिवार सहित शादी में गए थे और लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से नकदी व ज्वेलरी चोरी की गई थी। पुलिस ने मामला धारा 331(4), 305(ए), 3(5) BNS के तहत पंजीबद्ध किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई, जिसने फॉरेंसिक, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की। चार दिन की पड़ताल में CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संजय नगर निवासी अफरोज खान और किशन कश्यप पर संदेह हुआ।
हिरासत में लिए जाने पर अफरोज ने पूरी वारदात का खुलासा किया। उसने बताया कि अफरोज, किशन और अनिल ने मिलकर कस्तूरी ट्रेडर्स में सब्बल से ताला तोड़कर नकदी, जेवर और चांदी के सिक्के चोरी किए और माल को अफरोज के ऑटो में छिपाया।

चोरी के बाद ब्लैकमेलिंग!
CCTV फुटेज वायरल होने पर राजेश रगड़े, सुभाष और राजेश सिदार ने अफरोज को ब्लैकमेल किया और अपना हिस्सा मांगा। इसके बाद अफरोज ने बिलासपुर में सबको रकम बांटी—
किशन कश्यप: ₹1,00,000
राजेश रगड़े: ₹50,000
सुभाष रगड़े: ₹20,000
राजेश सिदार: ₹82,000
पुलिस ने अफरोज की निशानदेही पर अधिकांश रकम और सामान बरामद कर लिया।
अफरोज और किशन ने यह भी कबूल किया कि 24–25 नवंबर की रात उन्होंने मां मोबाइल और साय डेलीनिड्स दुकानों में भी चोरी की थी।
अफरोज से ₹13,000 की बरामदगी हो चुकी है, जबकि शेष सामान फरार आरोपी किशन से बरामद किया जाना बाकी है।
कार्रवाई में शामिल टीम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, अनुविभागीय अधिकारी अकलतरा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, सायबर टीम व थाना स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
