रील का जानलेवा शौक: कोरबा की अहिरन नदी में डूबा युवक, 48 घंटे बाद मिला शव…NV News
Share this
NV News- कोरबा रील हादसा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रील बनाने के चक्कर में एक और दुखद मौत का मामला सामने आया है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अहिरन नदी में वीडियो शूट करने के दौरान 25 वर्षीय युवक निखिल सिंह की पानी में डूबने से जान चली गई। विचलित कर देने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना का एक ‘लाइव वीडियो’ भी सामने आया है, जिसमें युवक रील बनाने की कोशिश करते हुए अचानक गहरे पानी में समा जाता है। हादसे के बाद से ही क्षेत्र में मातम छाया हुआ है और सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन नदी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण युवक का पता नहीं चल पा रहा था। लगभग 48 घंटों की कड़ी मशक्कत और तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार को निखिल का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, निखिल अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे रील बनाने गया था, जहां स्टंट या वीडियो के दौरान उसका पैर फिसल गया या वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया।
यह घटना उन युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक जगहों पर रील बनाते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। कुसमुंडा पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और गहरे जलाशयों के पास सावधानी बरतें और रील बनाने जैसे खतरनाक शौक से दूर रहें, ताकि इस तरह की अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।

