Actress accident: कार हादसे में घायल हुईं नोरा फतेही, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, रात में फिर मंच पर लौटीं एक्ट्रेस
Share this
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार दोपहर उपनगरीय अंबोली इलाके के लिंक रोड पर हुए एक सड़क हादसे में मामूली रूप से घायल हो गईं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिस कार में नोरा फतेही सवार थीं, उसे एक अन्य तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
इस मामले में पुलिस ने विनय सकपाल (27) नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
हादसे के वक्त नोरा फतेही सनबर्न संगीत समारोह में प्रस्तुति देने के लिए जा रही थीं। दुर्घटना के बाद उन्हें एहतियातन मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें हल्का झटका लगने की पुष्टि की और आराम करने की सलाह दी।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार, नोरा फतेही ने बेहतर महसूस करने के बाद डॉक्टरों की सलाह के बावजूद काम पर लौटने का फैसला किया। मेडिकल जांच के बाद उन्होंने दक्षिण मुंबई में आयोजित सनबर्न 2025 कार्यक्रम में शिरकत की और अपनी प्रस्तुति दी।
घटना के बाद नोरा फतेही की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
