Accident News: फर्नीचर दुकान में काम के दौरान मजदूर की मौत, 50 लाख मुआवजे की मांग पर सड़क जाम कर धरना
Share this
जांजगीर। शहर के नेताजी चौक के पास स्थित नेताजी फर्नीचर में काम के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हरि किशन प्रधान, निवासी खोखसा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फर्नीचर दुकान में काम करते समय हरि किशन ऊपर से गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों द्वारा घायल मजदूर को इलाज के लिए चांपा स्थित नायक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अस्पताल में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर नेताजी फर्नीचर के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते मृतक के गांव के लोग और अन्य समर्थक भी धरना प्रदर्शन में शामिल हो गए।
धरना शुरू होने के कारण नेताजी चौक पूरी तरह जाम हो गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मृतक के परिजनों की मांग है कि फर्नीचर प्रतिष्ठान के मालिक द्वारा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा मृतक के बच्चों की पूरी शिक्षा का खर्च वहन किया जाए। मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद है और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक धरना प्रदर्शन जारी था।

