Accident News: केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की कार का एक्सीडेंट, बाल-बाल बचे मंत्री
Share this
बलौदाबाजार। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू रविवार देर रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। वे बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट के लिए कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान बलौदाबाजार जिले के चंदेली (दामाखेड़ा) क्षेत्र में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर पड़ी एक भारी लोहे की रॉड तेज गति से मंत्री की कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का सनरूफ और साइड मिरर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि लोहे की रॉड कार के भीतर नहीं घुसी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के समय केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ उनका निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी भी वाहन में मौजूद थे। सौभाग्य से इस दुर्घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की मजबूत बनावट के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के बाद कुछ समय तक मंत्री का काफिला मौके पर ही रुका रहा। सूचना मिलते ही एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और सड़क पर पड़ी लोहे की रॉड को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में इसे एक आकस्मिक दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि यह रॉड सड़क पर कैसे पहुंची, इसकी जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
हादसे के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि ईश्वर की कृपा से वाहन में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार में फंसी लोहे की रॉड और टूटा हुआ शीशा साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में बना हुआ है।
