Accident News: तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Share this

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के दुम्हारी मोड़ के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार और धान से लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, भटगांव की ओर से दो युवक कार में सवार होकर बिलाईगढ़ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान बिलाईगढ़ क्षेत्र से धान लोड कर एक ट्रक सरसीवां की ओर जा रहा था। दुम्हारी मोड़ के पास कार अचानक बेकाबू होकर ट्रक से टकरा गई। ट्रक की रफ्तार भी तेज बताई जा रही है।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बिलाईगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार चला रहे युवक का शव स्टीयरिंग में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की पहचान यशवंत कुमार टंडन (37 वर्ष), निवासी ग्राम ताड़ापारा, कांग्रेस के युवा नेता, और रूपेंद्र कुमार देवांगन (35 वर्ष), निवासी बिलाईगढ़, शिक्षाकर्मी सहायक ग्रेड-2 के रूप में हुई है। दोनों शवों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Share this

You may have missed