Accident News: तेज रफ्तार बाइक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर
Share this
जशपुर। तेज रफ्तार बाइक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक सड़क हादसा पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत पत्थलगांव-कछार मार्ग स्थित नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर रविवार को हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक में तीन युवक सवार होकर किलकिला टमाटर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंधनपुर के पास सामने से आ रही बोलेरो वाहन से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतकों की पहचान जयपाल नाग (28 वर्ष), पिता चैन साय और सुमित नाग (26 वर्ष), पिता तेजराम के रूप में हुई है। दोनों मृतक पत्थलगांव के काडरो फिटिंगपारा निवासी थे। वहीं हादसे में घायल युवक हीरा कुमार नाग (27 वर्ष), पिता जयलाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतकों की शादी को अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए थे। सुमित की पांच माह की एक बेटी है, जबकि जयपाल की कोई संतान नहीं थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। बोलेरो चालक और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
