नशे में अस्पताल पहुंचा डॉक्टर, वार्ड में मरीज के पैर पर जा बैठा — प्रबंधन ने जारी किया नोटिस
Share this
जांजगीर- चांपा। सक्ती जिले के मालखरौदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक डॉक्टर का शराब के नशे में किया गया शर्मनाक बर्ताव अब चर्चा का विषय बना हुआ है। डॉक्टर कृष्णा कुमार सिदार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अस्पताल में राउंड लेने के दौरान मरीज के पैर पर गिरते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। डॉक्टर सिदार अस्पताल पहुंचे तो जरूर, लेकिन इलाज करने की हालत में नहीं थे। नशे की हालत इतनी ज्यादा थी कि वे लड़खड़ाते हुए वार्ड में पहुंचे और संतुलन बिगड़ने पर मरीज के पैर पर ही बैठ गए। मरीज और उसके परिजन यह नजारा देखकर दंग रह गए, जबकि अस्पताल स्टाफ ने किसी तरह उन्हें संभालने की कोशिश की।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने डॉक्टर कृष्णा कुमार सिदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
अस्पताल सूत्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब डॉक्टर सिदार नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे हों। पहले भी वे कई बार इसी तरह की हरकतें कर चुके हैं, लेकिन इस बार कैमरे में रंगे हाथों पकड़े जाने से मामला गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों ने डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
