Urban Challenge Fund Conclave: छत्तीसगढ़ के शहरों के सुनियोजित विकास को मिलेगी नई गति, सीएम विष्णु देव साय ने कहा- भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार हों विकास परियोजनाएं….NV News
Share this
NV News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में हमारे शहरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शहर केवल आवास और नागरिक सुविधाओं के केंद्र नहीं हैं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों, उद्योग, व्यापार, रोजगार और नवाचार के प्रमुख आधार भी हैं। छत्तीसगढ़ के शहरों का विकास वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित न रहकर आने वाली पीढ़ियों और दशकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित, समावेशी और टिकाऊ होना चाहिए। मुख्यमंत्री आज नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में आवास एवं शहरी विकास निगम (हुडको) और छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अर्बन चैलेंज फंड (UCF) एवं अर्बन इन्वेस्ट विंडो (UiWIN) विषयक प्रथम क्षेत्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
नगरीय विकास को मजबूती देने के लिए दो अहम MoU
कार्यशाला के दौरान प्रदेश के नगरीय विकास और वित्तीय व तकनीकी प्रबंधन को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौतों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए:
पहला समझौता: हुडको और छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बीच।
दूसरा समझौता: नगरीय प्रशासन विभाग और सेप्ट विश्वविद्यालय के बीच।
इन समझौतों से नगरीय निकायों को वित्तीय संसाधन जुटाने, तकनीकी विशेषज्ञता प्राप्त करने और संस्थागत क्षमता विकास में अभूतपूर्व सहायता मिलेगी।
शहरों की समस्याओं का हो स्थायी समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके अलावा, बिजली और अन्य सेवाओं के अव्यवस्थित तारों को भूमिगत (Underground) करने की योजनाएं तैयार की जानी चाहिए ताकि आधुनिक शहरी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अर्बन चैलेंज फंड के तहत एक लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसका छत्तीसगढ़ के निकायों को पूरा लाभ उठाना चाहिए। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रदेश के सभी 14 नगर निगमों के महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, हुडको के सीएमडी संजय कुलश्रेष्ठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

