Sports Infrastructure : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर को मिली बड़ी सौगात, 3.52 करोड़ की लागत से बने मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम से निखरेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा…NV News

Share this

NV News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशभर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस खेल परिसर के बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का बेहतरीन मंच मिल रहा है।

एक ही छत के नीचे कई खेलों के अभ्यास की सुविधा

जशपुर में बने इस मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के साथ-साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे लोकप्रिय खेलों के अभ्यास की सुविधा भी एक ही परिसर में मिल रही है। इस आधुनिक सुविधा के कारण अब मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों (जैसे बारिश या तेज धूप) का भी खिलाड़ियों के अभ्यास पर असर नहीं पड़ता है। बास्केटबॉल से जहां युवाओं में शारीरिक क्षमता और टीम भावना विकसित होती है, वहीं शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेल उनकी एकाग्रता, रणनीतिक सोच और मानसिक दक्षता को मजबूत करते हैं।

ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और यहां के युवा हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल जैसे खेलों में गहरी रुचि रखते हैं। इस इंडोर स्टेडियम के निर्माण से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय अंचलों के प्रतिभावान बच्चों को अपनी खेल क्षमताओं को तराशने का अवसर मिल रहा है। राज्य सरकार का यह प्रयास युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share this

You may have missed