Dhamtari News: नशे के खिलाफ धमतरी में जनजागरूकता, मंत्री टंक राम वर्मा ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ…NV News
Share this
NV News रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान और अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी के मोनो नाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में नशामुक्त समाज और राष्ट्र निर्माण को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं को देश की मूल शक्ति बताते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां भी प्रभावित होती हैं। नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संगठनों से नशामुक्त भारत अभियान का हिस्सा बनकर जनजागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।
सामूहिक प्रयास से नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वृद्धजनों और युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने का संकल्प लिया। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि नशामुक्ति केवल शासकीय अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।
नुक्कड़ नाटक में दिखाया नशामुक्त भारत का संदेश
समारोह का मुख्य आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) और इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। प्राचार्य के मार्गदर्शन तथा व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी के लेखन एवं निर्देशन में तैयार नाटक में नशामुक्त भारत, विकसित भारत-2047 और समाज सेवा जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
नाट्य प्रस्तुति में कलाकारों ने अपने अभिनय के जरिए बताया कि यदि युवाओं की ऊर्जा को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल और राष्ट्रसेवा से जोड़ा जाए तो देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। स्वयंसेवकों ने नाटक के माध्यम से सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी हुए शामिल
कार्यक्रम में सहकारी बैंक के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

