CG Government Recruitment: सरकारी भर्ती में बदला नियम, लिखित परीक्षा के बाद 15 गुना अभ्यर्थी होंगे शॉर्टलिस्ट…NV News
Share this
NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत जिन पदों के लिए कौशल या शारीरिक दक्षता परीक्षा जरूरी होगी, उनमें लिखित परीक्षा के बाद रिक्त पदों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
लिखित परीक्षा के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को संबंधित पद के अनुसार स्किल टेस्ट या फिजिकल टेस्ट देना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया और परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। इससे भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद होने वाले अगले चरण के लिए अभ्यर्थियों की संख्या सीमित रहेगी।
तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती कर्मचारी चयन मंडल के नए नियमों के अनुसार की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग के बाद अब नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भी इसकी जानकारी सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को भेज दी है।
नई व्यवस्था के लागू होने के बाद नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में होने वाली तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की भर्तियां भी इन्हीं नियमों के तहत की जाएंगी। संबंधित पदों की भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के बाद आवश्यकतानुसार कौशल या शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।

