DGGI Raid: गुटखा कारोबारी के गोदाम पर छापा, 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा जब्त…NV News
Share this
NV News रायपुर। राजधानी रायपुर में गुटखा कारोबारी के एक ठिकाने पर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने कार्रवाई की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर मंगलवार को तीन वाहनों से पहुंची टीम ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में जांच शुरू की। अधिकारियों ने यहां दस्तावेजों और गुटखा स्टॉक की जांच की।
कार्रवाई के दौरान गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि गोदाम में रखा गुटखा किसका है और इसके कारोबार से जुड़े दस्तावेजों में क्या जानकारी सामने आती है।
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद DGGI की टीम रायपुर पहुंची थी। इसके बाद अधिकारियों ने कारोबारी के ठिकाने पर पहुंचकर जांच की। गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को भी मौके पर बुलाकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
कारोबारी बंटी से जुड़े तारों की जांच
DGGI सूत्रों के अनुसार, गोदाम से जब्त किया गया गुटखा कारोबारी बंटी का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुर्ग में उसका एक कारोबारी पार्टनर भी है, जिसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बंटी महाराष्ट्र से गुटखा कारोबार संचालित करता है। कल्याण के पास उसकी फैक्ट्री होने और वहां से छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई तथा उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में गुटखा सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल DGGI की जांच जारी है और कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों का सामने आना बाकी है।

