Chhattisgarh Agriculture: राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए रामविचार नेताम, प्रदेश को मिले 182 करोड़ रुपये…NV News

Share this

NV News रायपुर, 29 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में शामिल हुए। 28 और 29 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के कृषि मंत्रियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं राज्यमंत्री की मौजूदगी में आगामी रबी फसल को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

सम्मेलन में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के विभिन्न घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक किसानों तक कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाना, खेती की लागत कम करना और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाना है।

छत्तीसगढ़ को 182 करोड़ रुपये का आवंटन

सम्मेलन के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए 182 करोड़ रुपये की राशि का आवंटन जारी किया गया। इस संबंध में कृषि मंत्री रामविचार नेताम को आवंटन पत्र भी प्रदान किया गया। उन्होंने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि इस राशि से प्रदेश में चलाए जाने वाले ‘विकसित संकल्प अभियान’ को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही आने वाले समय में ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। दलहन और तिलहन के रकबे को बढ़ाने, कृषि उत्पादन में वृद्धि करने तथा किसानों को बेहतर उपज दिलाने के लिए भी इस सहायता का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य की कृषि नीतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाए। कृषि क्षेत्र में नई तकनीक के इस्तेमाल, कम लागत और बेहतर उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्राप्त यह सहायता छत्तीसगढ़ में कृषि विकास को और गति प्रदान करेगी तथा प्रदेश को कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने में सहयोगी होगी। कृषि मंत्री ने सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Share this