Bastar Rain Alert: भारी बारिश के बीच मंत्री केदार कश्यप ने कलेक्टरों से ली स्थिति की जानकारी, राहत-बचाव तेज करने के निर्देश…NV News

Share this

NV News रायपुर, 25 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से फोन पर चर्चा कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश

मंत्री ने अधिकारियों को निचले और संवेदनशील इलाकों के साथ नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। जिन मार्गों, पुल-पुलियों और रपटों पर पानी बह रहा है, वहां लोगों की आवाजाही रोकने तथा जरूरत के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और पर्याप्त संसाधन तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

राहत शिविरों में जरूरी सुविधाओं पर जोर

मंत्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था की जाए। शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाइयां और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाए। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के साथ स्वास्थ्य अमले को भी सतर्क रखने के निर्देश दिए गए।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

मंत्री ने नागरिकों से तेज बहाव वाले नदी-नालों, जलमग्न पुल-पुलियों और रास्तों को पार नहीं करने की अपील की। उन्होंने जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील भी की गई।

Share this

You may have missed