Elephant Attack News: मछली पकड़ने गए 24 वर्षीय युवक को हाथी ने रौंदा, फसलों को भी नुकसान…NV News

Share this

NV News रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।

हाथियों के दल से हुआ अचानक सामना

जानकारी के अनुसार कापू रेंज के 99 पीएफ क्षेत्र में करीब 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान पीठपानी निवासी एस्तर तिर्की (24) का हाथियों के दल से अचानक सामना हो गया।

बताया जा रहा है कि युवक शाम के समय संभवतः मछली पकड़ने के लिए नदी की ओर गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे हाथियों के दल के सामने आने पर हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

रातभर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने शुरू की तलाश

युवक के रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में घटना की जानकारी सामने आने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभागीय अमले ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में बढ़ी सतर्कता

क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को जंगल और हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में अकेले जाने से बचने तथा हाथियों के करीब न जाने की सलाह दी गई है।

बताया गया है कि हाथियों के दल ने क्षेत्र में फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है।

Share this