Road Scam News: सड़क बने बिना 45 करोड़ का भुगतान, 25 अफसरों को शो-कॉज नोटिस…NV News

Share this

NV News बीजापुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में कथित अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। जिले में 24 सड़कों का निर्माण पूरा हुए बिना ही करीब 45 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने के मामले में जिम्मेदार 25 अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। वहीं, मिट्टी पाटकर सड़क निर्माण की औपचारिकता पूरी करने वाले 15 ठेकेदारों से राशि की वसूली के आदेश भी दिए गए हैं।

बिना जांच भुगतान और पोर्टल पर फर्जी एंट्री का आरोप

जानकारी के अनुसार, इन 24 सड़कों के निर्माण को वर्ष 2018-19 में स्वीकृति मिली थी और वर्ष 2021-22 में ठेकेदारों ने काम शुरू किया। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने मौके पर सड़क निर्माण की पर्याप्त जांच किए बिना ही भुगतान जारी कर दिया। इतना ही नहीं, केंद्रीय पोर्टल पर भी कार्य पूरा होने से संबंधित कथित फर्जी प्रविष्टियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

15 ठेकेदारों से होगी राशि की वसूली

मामले में जांच के बाद 15 ठेकेदारों से भुगतान की गई राशि की वसूली के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों से उनकी भूमिका को लेकर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों के शो-कॉज नोटिस के जवाब मिलने के बाद तत्कालीन ईएनसी अरविंद राही से भी जवाब तलब किए जाने की तैयारी है।

पांच अधिकारी हो चुके हैं सेवानिवृत्त

मामले में कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में से पांच अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इनमें अधीक्षण अभियंता केआर शास्त्री, कार्यपालन अभियंता विजय कुमार कोमरे, आरके साहू, पीएम साहू और एमपी खरे शामिल हैं। वहीं, उप अभियंता एसएल कुर्रे वर्तमान में संविदा पर कार्यरत बताए गए हैं।

Share this