Para Archery News: छत्तीसगढ़ के टोमन कुमार ने वर्ल्ड पैरा आर्चरी सीरीज में जीता स्वर्ण, भारत का बढ़ाया गौरव….NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अहिबर नवागांव निवासी और वर्ल्ड चैंपियन पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। अहमदाबाद में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज स्टेज-3 में टोमन ने पुरुष कंपाउंड वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।

टोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी की जोड़ी ने पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा के फाइनल में इराक के अब्बास काधिम और अनवर अलदावोड को 152-139 के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

संघर्ष को ताकत बनाकर अंतरराष्ट्रीय मुकाम

टोमन कुमार की सफलता खास तौर पर प्रेरणादायक है। माओवादी अभियान के दौरान उन्होंने अपना पैर गंवा दिया था, लेकिन इस कठिन परिस्थिति को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। पैरा आर्चरी में लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में भारत के पैरा तीरंदाजों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। प्रतियोगिता में 19 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और टोमन कुमार भारत की मजबूत कंपाउंड टीम का प्रमुख हिस्सा हैं।

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का पल

बालोद के छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले टोमन कुमार की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए भी बड़ी सफलता है। उनके प्रदर्शन ने यह संदेश दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के दम पर मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों को पीछे छोड़ा जा सकता है।

Share this