Power News: जामबहार में 3.40 करोड़ से बनेगा नया बिजली सबस्टेशन, 4500 से ज्यादा उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ…NV News

Share this

NV News कोरबा, 1 सितंबर 2026। कोरबा जिले के बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3.40 करोड़ रुपये की लागत से 33/11 केवी और 5 एमवीए क्षमता का नया विद्युत सबस्टेशन बनाया जाएगा। उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंगलवार को सबस्टेशन निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन किया। नए सबस्टेशन के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ आसपास के मौजूदा सबस्टेशनों पर भी लोड कम होगा।

नए सबस्टेशन से शहरी क्षेत्र की कई बस्तियों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। इनमें रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा शामिल हैं। इसके अलावा जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया जैसे ग्रामीण इलाकों में भी बिजली आपूर्ति को अधिक सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

योजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के 4500 से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सबस्टेशन बनने से बिजली वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और स्थानीय स्तर पर विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता एवं गुणवत्ता बेहतर होने की संभावना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया सहित जनप्रतिनिधि, बिजली विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this

You may have missed