CM साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर किया नमन, कहा- ‘उनका सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव देता रहेगा प्रेरणा’….NV News
Share this
NV News रायपुर, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की प्रथम महिला सांसद और महान समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें सहृदय नमन करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि मिनीमाता जी का पूरा जीवन मानव सेवा, समाज सुधार और शोषितों-पीड़ितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका सेवाभावी और संघर्षशील व्यक्तित्व छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में मिनीमाता के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बाल विवाह, अस्पृश्यता (छुआछूत) और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक पुरजोर आवाज उठाई। उन्होंने महिलाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। स्वतंत्रता संग्राम के पश्चात छत्तीसगढ़ के सामाजिक पुनर्जागरण में उनकी भूमिका अद्वितीय और ऐतिहासिक रही है।
विष्णुदेव साय ने कहा कि मिनीमाता जी के विचार, मूल्य और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा आज भी हम सभी का मार्गदर्शन करती है। राज्य सरकार उनके दिखाए समाज कल्याण के मार्ग पर चलने और सर्वसमाज के समावेशी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेशवासी मिनीमाता के अमूल्य योगदान और महान आदर्शों को हमेशा याद रखेंगे और उनसे प्रेरणा लेकर एक समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।

