सावधान रायपुरवासी! आज सुबह 10 से 1 बजे तक थमेगी इन रास्तों की रफ्तार, तिरंगा यात्रा के चलते बदलेगा ट्रैफिक रूट…NV News

Share this

NV News रायपुर, 10 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में आज यानी सोमवार को निकलने वाली भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष रूट प्लान लागू किया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कुल तीन घंटों के लिए यात्रा मार्ग पर सामान्य ट्रैफिक पूरी तरह से बंद व डायवर्ट रहेगा। यह विशाल यात्रा बूढ़ातालाब स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए सुभाष स्टेडियम में समाप्त होगी। यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हो रहे हैं।

यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यात्रा अवधि के दौरान इंडोर स्टेडियम, सिद्धार्थ चौक, पुरानी बस्ती, कालीबाड़ी और महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम तक के पूरे मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पचपेड़ीनाका, भाटागांव और सुंदर नगर की तरफ से शहर के भीतर आने वाली गाड़ियों को वैकल्पिक रिंग रोड और डायवर्जन पॉइंट से होकर भेजा जाएगा। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सुबह 10 से 1 बजे के बीच किसी भी असुविधा और जाम से बचने के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।

आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, यात्रा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और आम जनता के वाहनों की पार्किंग के लिए इंडोर स्टेडियम और बूढ़ातालाब परिसर में विशेष स्थल चिन्हित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से यातायात नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग की अपील की है।

Share this

You may have missed