Laborer Tragic Death: इससे ज्यादा दर्दनाक और क्या! पाइप बिछा रहा मजदूर जिंदा मिट्टी में दबा, 4 दिन बाद खुदाई में मिला शव…NV News

Share this

NV News भानुप्रतापपुर/कांकेर न्यूज़: उत्तर बस्तर कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर काम करते समय जिंदा ही मिट्टी में दब गया, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। हादसे के चार दिन बाद जब उसी जगह दोबारा खुदाई की गई, तब मजदूर का शव बैठी हुई अवस्था में बरामद हुआ। इस भयावह घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला:

लापता मजदूर: मुल्ला गांव निवासी 35 वर्षीय मजदूर सुखराम आंचला बीते सोमवार (27 जुलाई) से घर नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने भानुप्रतापपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

चार दिन बाद मिला शव: शुक्रवार (31 जुलाई) को जब ठेकेदार के कर्मचारी पाइपलाइन में पानी लीकेज सुधारने के लिए पहुंचे और जेसीबी (JCB) से उसी गड्ढे की दोबारा खुदाई शुरू की, तो करीब 6-7 फीट नीचे सुखराम का शव बैठी हुई स्थिति में मिला।

ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप: ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पाइपलाइन का काम करते समय जब मिट्टी धंसी, तब ठेकेदार और साथियों ने बिना जांच-पड़ताल किए मशीन से गड्ढा तुरंत पाट दिया। मजदूर सुखराम उसी समय मिट्टी के नीचे दब गया और घुटकर उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ठेकेदार तथा संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Share this

You may have missed