Teachers News: ‘बहुत बाढ़ है सर… डर लग रहा है’, उफनती नदियों को डोंगी से पार कर स्कूल पहुंच रहे 24 बेबस शिक्षक….NV News
Share this
NV News Jagdalpur News: “बहुत बाढ़ है सर… डर लग रहा है।” सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में शिक्षक द्वारा बोले गए ये शब्द सिर्फ उनकी निजी घबराहट नहीं हैं, बल्कि बस्तर संभाग के दुर्गम और अंदरूनी इलाकों में तैनात सैकड़ों शिक्षकों की कड़वी और रोजमर्रा की हकीकत को बयां करते हैं।
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत आने वाले नारायणपुर, कांकेर, बीजापुर और सुकमा जिलों में करीब 200 से अधिक ऐसे स्कूल हैं जो पूरी तरह से पहुंचविहीन क्षेत्रों में आते हैं। मानसून के दिनों में इन इलाकों में उफनते नाले, नदियां और नेटवर्क की अनुपलब्धता सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आती है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करीब 24 शिक्षक अपनी जान जोखिम में डालकर लकड़ी की छोटी-छोटी डोंगियों (नावों) के सहारे तेज बहाव वाली नदियों और नालों को पार कर स्कूल पहुँच रहे हैं। जरा सी चूक या हादसों के डर के बीच इन शिक्षकों को हर दिन अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के लिए यह स्थिति एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाए रखने के लिए शिक्षक जान हथेली पर रखकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं। शिक्षकों ने शासन-प्रशासन से इन इलाकों में सुरक्षित आवागमन के इंतजाम और पुल-पुलिया निर्माण की मांग की है।

