Minor Driving Campaign: एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, पहली बार समझाइश के बाद रिपीट होने पर दर्ज होगी FIR….NV News

Share this

NV News Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कम उम्र के बच्चों द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। जिला पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी यातायात पुलिस द्वारा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ एक विशेष जागरूकता व चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर बिना लाइसेंस और कम उम्र में गाड़ियां दौड़ाते पाए जाने वाले नाबालिगों को रोका जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम उनके अभिभावकों को यातायात कार्यालय बुलाकर कड़ी समझाइश दे रही है। साथ ही पहली बार पकड़े जाने पर अभिभावकों और बच्चों का पूरा नाम-पता रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है।

यातायात पुलिस द्वारा पालकों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जा रहा है कि पहली बार दी जा रही यह समझाइश अंतिम चेतावनी की तरह है। यदि वही नाबालिग दोबारा सड़क पर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो मोटर वाहन अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत सीधे अभिभावकों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और जेल तक का प्रावधान है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नाबालिगों और आम नागरिकों की सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अक्सर देखा जाता है कि माता-पिता की अनदेखी के कारण कम उम्र के बच्चे हादसों का शिकार हो जाते हैं। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हाल में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने न दें।

Share this

You may have missed