Chhattisgarh Digital Policing: छत्तीसगढ़ के CCTNS डैशबोर्ड स्कोर में सुधार के कड़े निर्देश; मुख्य सचिव विकास शील ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक….NV News
Share this
NV News रायपुर, 20 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (CCTNS) के डैशबोर्ड की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में राज्य की डिजिटल पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए कमजोर बिंदुओं को चिन्हित किया गया तथा उनमें त्वरित सुधार करने के कड़े निर्देश जारी किए गए। इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में राज्य के डीजीपी अरुण देव गौतम भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
NCRB स्कोरकार्ड: प्रशासनिक सुधारों में मिले पूरे अंक
बैठक के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा छत्तीसगढ़ के मौजूदा स्कोर और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की गई:
ओवरऑल स्कोर: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा जारी नवीनतम स्टेट स्कोरकार्ड में छत्तीसगढ़ को 100 में से 64.97 अंक प्राप्त हुए हैं।
शत-प्रतिशत सफलता: राज्य ने ‘प्रशासनिक सुधार’ और ‘मेडलीगल रिपोर्ट पोर्टल’ के क्रियान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे (पूर्ण) अंक हासिल किए हैं।
जीरो एफआईआर, ई-चार्जशीट और ‘न्याय श्रुति प्रणाली’ पर विशेष जोर
कानून व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सचिव विकास शील ने अधिकारियों को निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश दिए:
डिजिटल साक्ष्यों का बढ़ेगा इस्तेमाल:
जीरो एफआईआर और ई-चार्जशीट की पूरी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाया जाए। डिजिटल साक्ष्यों की बढ़ती महत्ता को देखते हुए ई-साक्ष्य (E-Evidence) के उपयोग को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा, मामलों के त्वरित निपटारे के लिए तय समय सीमा यानी निर्धारित 60 एवं 90 दिवस के भीतर हर हाल में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाए।
न्यायालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ‘न्याय श्रुति प्रणाली’ को राज्य में शीघ्र अति शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डैशबोर्ड की इस समीक्षा के दौरान पुलिस विभाग और गृह विभाग के आपसी समन्वय को मजबूत करने पर सबसे ज्यादा बल दिया गया।
इस उच्च स्तरीय बैठक में गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता सहित कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

