सड़क निर्माण में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: सहायक और उप अभियंता तत्काल निलंबित, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट…NV News

Share this

NV News: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नवनिर्मित सड़क के धंसने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को स्वयं मौके पर पहुँचकर सड़क की कोर कटिंग करवाकर विस्तृत तकनीकी जांच कराई। जांच में मॉनीटरिंग और गुणवत्ता सुनिश्चित कराने में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे रितेश नायडू को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर को निलंबित करने का प्रस्ताव शासन को भेजने और दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि इस ग्रामीण सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामी सड़क धंसने का मुख्य कारण बनी। जिस सड़क की क्षमता केवल 10-12 टन थी, वहाँ 60-70 टन क्षमता वाले रेत परिवहन करने वाले ओवरलोड भारी वाहन चल रहे थे। इसके अलावा, तकनीकी मापदंडों की जांच में पाया गया कि सड़क के शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित 100 प्रतिशत मानक से कम (94 से 95 प्रतिशत) था, जिसके कारण बारिश का पानी सड़क के सब-बेस (निचली सतह) में घुस गया और सड़क अंदर से कमजोर होकर धंस गई।

सचिव भीम सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़क के जितने भी क्षतिग्रस्त हिस्से हैं, उन्हें उखाड़कर दोबारा बनाया जाए और पूरी सड़क के शोल्डर का गुणवत्ता के साथ सुधार कार्य किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों की इन महत्वपूर्ण सड़कों को भविष्य में नुकसान से बचाने के लिए पीएम जनमन योजना की इस सड़क पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। ओवरलोड वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए अब परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से मुस्तैदी से कार्रवाई करेंगे।

Share this

You may have missed