‘दीदी के गोठ’ से महिलाओं को मिल रही आत्मनिर्भरता की नई दिशा, मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन…NV News
Share this
NV News: रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका एवं ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने सफलता की कहानी साझा करने वाली प्रदेश की दीदियों को सम्मानित किया और वहां आयोजित फोटो गैलरी तथा प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए महिलाओं को स्वरोजगार, नवाचार और आजीविका से जुड़ी रोचक जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने दुर्ग जिले की लखपति दीदी श्रीमती विद्या निषाद से वर्चुअल संवाद कर उनके संघर्ष और सालाना 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित करने की सफलता को सराहा। सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसके तहत महतारी वंदन योजना की 28 किश्तों के माध्यम से अब तक लगभग 18 हजार करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान देने के लिए ’36 कला’ ब्रांड विकसित किया गया है। ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम का प्रसारण पिछले एक वर्ष से हर माह के दूसरे गुरुवार को किया जा रहा है, जिसके 12 एपिसोड के माध्यम से लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, वनोपज संग्रहण और साइबर अपराध से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रदेशभर की हजारों महिलाओं तक प्रेरणादायी कहानियां पहुँचाई गई हैं।

