अवैध कब्जेदारों पर एक्शन: टीम प्रहरी अभियान के तहत हटे 6 ठेले, मुख्य मार्ग पर सामान रखने वाले 13 दुकानदारों का कटा ई-चालान…NV News

Share this

NV News रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन 6 क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। इसके तहत टिकरापारा स्थित पुजारी पार्क के पास मुख्य मार्ग पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की संयुक्त कार्रवाई की गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।

इस विशेष अभियान के दौरान नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता, जोन 6 के नगर निवेश विभाग और यातायात पुलिस बल की टीम ने मुस्तैदी से काम किया। जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन और कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव व उपअभियंता सागर ठाकुर की मौजूदगी में मुख्य मार्ग से लगभग 6 अवैध ठेलों को हटाया गया। इस कार्रवाई से लंबे समय से बाधित हो रहे रास्ते को पूरी तरह से कब्जा मुक्त कराया गया।

कब्जा हटाने के साथ-साथ सड़क पर अवैध रूप से दुकान का सामान फैलाकर रखने वाले 13 दुकानदारों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया गया। इन सभी दुकानदारों पर कुल 12,000 रुपये का ई-चालान किया गया और उन्हें भविष्य में सड़क पर सामान न रखने की कड़ी चेतावनी दी गई। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि आम जनता से मिल रही शिकायतों का जोन स्तर पर त्वरित निराकरण करने और शहर के यातायात को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share this

You may have missed