संत कबीर का संदेश आज भी राष्ट्र के लिए पथप्रदर्शक: सोनपैरी कबीर आश्रम महोत्सव में बोले राज्यपाल और मुख्यमंत्री…NV News

Share this

NV News रायपुर, 29 जून 2026। राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में कबीर जयंती के अवसर पर भव्य संत कबीर महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लेकर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस खास मौके पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, समरसता और मानव सेवा का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक है। वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कबीर वाणी के प्रभाव को रेखांकित करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। सीएम साय ने इस मंच से उपभोक्ताओं के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना’ की अवधि को 3 महीने के लिए और बढ़ाया जाएगा, जिससे लोग सरचार्ज माफी और आकर्षक प्रावधानों के साथ अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए मुस्तैदी से काम कर रही है। प्रदेश में 18 लाख स्वीकृत आवासों में से 10 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं, और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई बयार बह रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी कबीर के सामाजिक सुधारों को याद करते हुए उनके विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब समेत बड़ी संख्या में संत-महात्मा और कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed