सहकारिता आंदोलन को जनभागीदारी का महाअभियान बना रही है साय सरकार: केदार कश्यप…NV News

Share this

NV News रायपुर, 29 जून 2026। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर में ‘सहकारिता सप्ताह’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप रहे। उन्होंने सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि लोगों को साथ लेकर विकास करने की एक मजबूत सोच है। साय सरकार का मुख्य लक्ष्य इसे एक जनआंदोलन बनाकर प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।

अपने संबोधन में मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अलग सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के बाद देश में इस क्षेत्र को एक नई और मजबूत पहचान मिली है। उन्होंने रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्राथमिक कृषि साख समितियों को सशक्त बनाने, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने और सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता व आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जवाबदेही के साथ काम करने का आग्रह किया ताकि जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।

यह सहकारिता सप्ताह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सहकारिता की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है। सप्ताहभर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के अध्यक्ष श्री केदारनाथ गुप्ता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष श्री अभिनेष कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सहकारी संस्थाओं के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।

Share this

You may have missed