छत्तीसगढ़ के ‘मटीरियल बैंक मॉडल’ की दिल्ली में गूंज, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की जमकर तारीफ….NV News
Share this
NV News रायपुर, 29 जून 2026। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल ‘मटीरियल बैंक मॉडल’ को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सराहना मिली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत विकसित इस मॉडल की प्रशंसा करते हुए इसे ग्रामीण आवास निर्माण को गति देने वाला एक प्रभावी नवाचार बताया। नई दिल्ली में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने किया।
छत्तीसगढ़ में विकसित इस अनूठे मटीरियल बैंक मॉडल का संचालन स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा “डीलर दीदी” के रूप में किया जा रहा है। इसके माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को घर बनाने की निर्माण सामग्री एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आवास निर्माण कार्य अधिक सुगम, तेज और किफायती हुआ है। इस पहल से स्व-सहायता समूह की महिलाओं की आय में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और 10,000 से अधिक दीदियां ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं, जो महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा उदाहरण है।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में ग्रामीण युवाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आरसेटी (RSETI) तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के कार्यों की भी सराहना की। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ ने पिछले वित्तीय वर्ष में देश में सर्वाधिक राजमिस्त्री प्रशिक्षण देने का रिकॉर्ड बनाया है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास और गरीब परिवारों को सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना प्रदेश के जनकल्याणकारी कार्यों का एक बड़ा प्रमाण है।

