रायपुर के नकटी में आधी रात से भारी पुलिस बल तैनात; ग्रामीणों के कड़े विरोध के बीच प्रशासन ने शुरू की बुलडोजर कार्रवाई…NV News

Share this

NV News रायपुर: राजधानी रायपुर के माना हवाई अड्डे से सटे ग्राम नकटी में पिछले कई महीनों से चल रही उहापोह और तनाव की स्थिति के बाद आखिरकार प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्र में सरकारी और प्रतिबंधित जमीनों पर अवैध तरीके से बनाए गए मकानों और निर्माणों को ढहाने के लिए प्रशासन की बेदखली कार्रवाई शुरू हो गई है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और विरोध देखा जा रहा है, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े और अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की दरमियानी आधी रात से ही पूरे नकटी और माना क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मौके पर भारी संख्या में जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ लगभग एक हजार (1,000) पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अमला और पुलिस बल पूरी तैयारी के साथ मुस्तैद है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति या कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को रोका जा सके।

कड़े विरोध के बीच चल रहा बुलडोजर

प्रशासन की इस औचक और बड़ी कार्रवाई से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। कई परिवार इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध कर रहे हैं और उनका कहना है कि वे वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों का रुख स्पष्ट है कि नियमानुसार नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद ही यह कदम उठाया गया है और शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना अनिवार्य है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण विरोध के बावजूद बेदखली और तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए आला अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Share this

You may have missed