गोलीकांड: नकाबपोशों द्वारा युवती की हत्या मामले में एक्शन में कांग्रेस, जांच के लिए बनाई 5 सदस्यीय कमेटी; विधायक रामकुमार यादव बने संयोजक…NV News
Share this
NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में नकाबपोश युवकों द्वारा युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले में अब सियासत और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इस गंभीर घटनाक्रम को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने मामले की जमीनी हकीकत और वस्तुस्थिति की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच समिति का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज के निर्देश पर इस उच्च स्तरीय समिति की घोषणा की गई है, जिसका संयोजक चंद्रपुर के विधायक श्री रामकुमार यादव को नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस द्वारा गठित इस पांच सदस्यीय जांच समिति में क्षेत्र के प्रमुख और कद्दावर चेहरों को शामिल किया गया है। समिति में संयोजक रामकुमार यादव के अलावा जांजगीर-चांपा के विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ की विधायक शेषराज हरवंश, अकलतरा के विधायक राघवेंद्र सिंह और जैजेपुर के विधायक बालेश्वर साहू को बतौर सदस्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरी समिति में केवल क्षेत्र के विधायकों को ही शामिल किया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा सके।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समिति के सभी सदस्य विधायकों से आग्रह किया है कि वे जल्द से जल्द घटनास्थल (ग्राम जोंगरा) का दौरा करें। वहां पहुंचकर टीम पीड़ित परिवार के सदस्यों और ग्रामवासियों से सीधे मुलाकात करेगी और घटना के वक्त की पूरी वस्तुस्थिति व प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी जुटाएगी। इस मामले की बारीकी से और विस्तृत जांच करने के बाद समिति अपनी एक तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे आगामी दिनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

