खूनी खेल: जमीन बंटवारे के विवाद में कलयुगी दिव्यांग बेटे ने मां को लाठी से पीट-पीटकर मार डाला, पिता की हालत गंभीर….NV News

Share this

NV News कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज और दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां जमीन बंटवारे के मामूली विवाद में एक कलयुगी दिव्यांग बेटे ने अपनी ही कोख उजाड़ दी। उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चीतापाली में आरोपी बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए अपने बूढ़े पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस खूनी खेल के बाद गांव में मातम और सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी आरोपी रामकुमार यादव पिछले काफी समय से अपने परिवार की जमीन के बंटवारे की जिद पर अड़ा हुआ था और लगातार हिस्से की मांग कर रहा था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ। जब बुजुर्ग माता-पिता ने जमीन का बंटवारा करने से इनकार किया, तो आरोपी रामकुमार गुस्से से आगबबूला हो उठा। उसने आव देखा न ताव, घर में रखी लाठी उठाई और अपनी मां जानकुंवर यादव के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना भीषण था कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग मां ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

पत्नी को बचाने दौड़े पिता पर भी आरोपी ने कोई रहम नहीं दिखाया और उन पर भी लाठी से जानलेवा हमला बोल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। उरगा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल पिता को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर हत्यारे बेटे रामकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this

You may have missed