CG में पुलिस का बड़ा एक्शन: घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने वाला 10 हजार का इनामी आरोपी मानपुर से गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घर में घुसकर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले और लंबे समय से कानून की नजरों से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी आरोपी को धरदबोचा है। पुलिस की विशेष टीम ने इस शातिर अपराधी को मोहला-मानपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह गंभीर मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने कुछ समय पहले पुलिस में न्याय के लिए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी कैलाश नेताम उसका पुराना परिचित था। आरोपी ने कुछ समय पहले अपनी निजी जरूरत का हवाला देकर पीड़िता से करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। लेकिन जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी नियत बदल गई और उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उधार ली गई रकम वापस करने के बजाय आरोपी कैलाश नेताम उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा और ब्लैकमेलिंग पर उतर आया। आरोपी पैसे लौटाने के बदले महिला पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। इसके बाद एक दिन मौका पाकर आरोपी जबरन महिला के घर में घुस गया और उसके साथ अनाचार की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही आरोपी अपनी गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर एसपी द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। भानुप्रतापपुर पुलिस लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। जैसे ही मुखबिर से आरोपी के मोहला-मानपुर क्षेत्र में छिपे होने की सटीक सूचना मिली, पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर उसे दबोच लिया। इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में खौफ है, वहीं पीड़िता ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर राहत की सांस ली है।

