प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ की तेज रफ्तार: पौधों को बचाने के लिए हटाए जा रहे ट्री गार्ड और कांक्रीट के घेरे, कलेक्टर करेंगे ‘पर्यावरण मित्रों’ को सम्मानित…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के तहत एक अनूठी और बेहद सराहनीय मुहिम चलाई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के मार्गनिर्देशन में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधों के चारों ओर लगे लोहे के ट्री गार्ड और कांक्रीट के पक्के घेरों को हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। हाल ही में सूबे के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा पर्यावरण को लेकर व्यक्त की गई गहन चिंता के बाद इस अभियान में और तेजी आ गई है।
दरअसल, शहर के कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर लगे पौधे ट्री गार्ड और कांक्रीट के घेरे में जकड़े होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे। कांक्रीट की वजह से पौधों की जड़ों तक पर्याप्त पानी और हवा नहीं पहुंच पा रही थी, जिससे उनका दम घुट रहा था। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशन में सभी दस जोनों के कमिश्नर प्रतिदिन खुद ग्राउंड पर उतरकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारी ऐसे सभी पेड़-पौधों को चिन्हित कर उनके चारों ओर से इन बाधकों को हटा रहे हैं, ताकि उन्हें स्वतः विकसित होने के लिए एक अनुकूल और पर्यावरण हितैषी वातावरण मिल सके।
इस महाअभियान को केवल सरकारी स्तर पर न रखकर इसमें जन-भागीदारी को भी जोड़ा जा रहा है। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने शहर के सभी जागरूक नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे अपने आसपास के ऐसे पौधों को गोद लें और उन्हें आवश्यक पानी, खाद आदि देकर सहेजने में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाएं। जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि जो भी नागरिक इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और पौधों की देखभाल करेंगे, उन्हें समाज में उनके इस अनमोल योगदान के लिए ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के अंतर्गत ‘पर्यावरण मित्र’ के रूप में विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा इस पूरे कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करवा रहे हैं। सभी जोन कमिश्नरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में एक भी पौधे को कंक्रीट के जाल में न रहने दें। इस मुहिम से न केवल रायपुर शहर की हरियाली सुरक्षित होगी, बल्कि आने वाले समय में प्रदूषण नियंत्रण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने में भी बड़ी मदद मिलेगी। शहर के पर्यावरण प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रशासन के इस संवेदनशील और दूरदर्शी कदम का दिल से स्वागत किया है।

