एमजी रोड पर भीषण अग्निकांड: ऑटोमोबाइल शॉप में लगी भयंकर आग, मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां, इलाके में मचा हड़कंप!…NV News

Share this

NV News Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्ततम और व्यावसायिक इलाके एमजी रोड (MG Road) से इस वक्त एक बड़ी और डराने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ स्थित एक नामचीन ऑटोमोबाइल शॉप में अचानक भीषण आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि दुकान से काले धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम फौरन मौके के लिए रवाना हो गई।

यह पूरी घटना राजधानी के मौदहापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एमजी रोड की है। बताया जा रहा है कि ऑटोमोबाइल शॉप में काफी मात्रा में टायर, ऑयल, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्रियां मौजूद थीं, जिसके कारण आग बहुत तेजी से फैल गई और उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक के बाद एक कुल 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर तैनात किया है। दमकल कर्मी और स्थानीय लोग मिलकर लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

गनीमत यह रही कि आग लगते ही दुकान के भीतर मौजूद कर्मचारी और ग्राहक समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे फिलहाल किसी जनहानि या हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का ऑटोमोबाइल पार्ट्स और कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घने बाजार वाले इलाके में आग लगने के कारण एहतियात के तौर पर आस-पास की दुकानों को भी खाली करा लिया गया है और एमजी रोड पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन मौदहापारा थाना पुलिस मामले की जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की बात कह रही है।

Share this

You may have missed