इंस्टाग्राम दोस्ती पड़ी भारी: ‘वीडियो वायरल कर दूंगी’ कहकर महिला ने दी धमकी, तनाव में आकर युवक ने पिया जहर, आरोपी गिरफ्तार…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला की लगातार प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर एक युवक ने जहर पी लिया। परिजनों को जैसे ही इस बात की भनक लगी, उन्होंने युवक को तुरंत अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पूरा मामला सोशल मीडिया से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, अकलतरा निवासी प्रफुल्ल कुमार की मुलाकात राजनांदगांव की रहने वाली एक महिला से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत और मेल-मिलाप बढ़ने लगा। इसी दोस्ती का फायदा उठाकर महिला ने युवक के कुछ प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद आरोपी महिला असली रंग में आई और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवक से ₹1 लाख की मोटी रकम की मांग करने लगी।
महिला की प्रताड़ना यहीं नहीं रुकी; उसने युवक पर दबाव बनाने के लिए कुछ वीडियो उसके पिता के व्हाट्सएप नंबर पर भी भेज दिए। इस हरकत से युवक गहरे मानसिक तनाव और लोक-लाज के डर में आ गया, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद पीड़ित के पिता ने तुरंत अकलतरा थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन टीम गठित की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी महिला को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

