परसकोल में ₹75.23 लाख की लागत से बनेगा हाई स्कूल भवन: कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया भूमिपूजन…NV News

Share this

NV News- Arang Paraskol School Bhumi Pujan: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ बनाने और छात्र-छात्राओं को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में आरंग क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। विकासखंड आरंग के अंतर्गत आने वाले ग्राम परसकोल में शासकीय हाई स्कूल के नवीन भवन निर्माण हेतु 75.23 लाख रुपए की लागत राशि का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ। 5 जून को आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत आरंग की अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने की।

शिक्षा से ही गढ़ा जाएगा सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़

भूमिपूजन के पश्चात विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि शिक्षा किसी भी उन्नत समाज के विकास की पहली सीढ़ी होती है। हमारी सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी वैसी ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अधोसंरचना मिले, जैसी शहरों में उपलब्ध होती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि परसकोल में बनने वाला यह हाई स्कूल भवन सिर्फ ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। आज के आधुनिक युग में केवल डिग्री को नाकाफी बताते हुए मंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं को हुनरमंद होना पड़ेगा, जिसके लिए तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार, क्षेत्र में दौड़ी खुशी की लहर

समारोह में क्षेत्र के जनपद सदस्य (क्षेत्र क्रमांक 8) प्रीतम साहू ने अपने उद्बोधन में क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि हाई स्कूल के नए भवन की मांग इस क्षेत्र के युवाओं और पालकों की एक बहुप्रतीक्षित मांग थी, जो आज पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका लक्ष्य केवल सड़के और नालियां बनाना नहीं, बल्कि शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाना भी है। वहीं जनपद अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने इस बड़ी सौगात के लिए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल भवन के निर्मित होने से परसकोल सहित आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत परसकोल की सरपंच लक्ष्मी सोहन साहू, भाजपा मंडल आरंग के अध्यक्ष देवनाथ साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार भारद्वाज, भाजपा मंडल आरंग के मंत्री दौलत राम साहू तथा शाला विकास एवं प्रबंधन समिति परसकोल की अध्यक्ष भोजमति साहू मंचासीन थीं। कार्यक्रम के समापन पर शासकीय हाई स्कूल परसकोल के प्राचार्य चंद्रहास सेन ने मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सहित तमाम अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।

Share this

You may have missed