‘सुशासन तिहार’ शिविर का आयोजन: विधायक मोतीलाल साहू बोले- रायपुर ग्रामीण में कराए ₹500 करोड़ के विकास कार्य; 12 हितग्राहियों को मिले PM आवास स्वीकृति पत्र…NV News
Share this
NV News- Raipur Sushasan Tihar Camp: छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले 7 वार्डों के लिए देवपुरी गुरुद्वारा परिसर के समीप स्थित हॉल में ‘सुशासन तिहार 2026’ जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के अध्यक्ष श्री नंदकुमार साहू विशेष रूप से पहुंचे। इस दौरान रायपुर नगर निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा सहित विभिन्न 15 से अधिक शासकीय विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने जनता की समस्याओं को सुना।
रायपुर ग्रामीण में ₹500 करोड़ के विकास कार्य: विधायक
शिविर में उपस्थित आमजनों को संबोधित करते हुए रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार आई है, तब से लेकर अब तक उन्होंने अपने कार्यकाल में रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ₹500 करोड़ से अधिक के नए विकास कार्यों को मंजूरी देकर उन्हें धरातल पर उतारा है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले विकास कार्य पूरी तरह ठप्प थे और आज जो तेज गति से काम हो रहे हैं, वे सभी साय सरकार की देन हैं। विधायक ने नागरिकों से विकास विरोधी लोगों से सावधान रहने और सुशासन तिहार का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
अवैध निर्माणों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई: महापौर
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने शिविर में आए सभी आवेदनों, मांगों और शिकायतों को बेहद गंभीरता से लेते हुए जोन कमिश्नर व विभागीय अधिकारियों को एक महीने की तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए। विशेष रूप से टाउन प्लानिंग विभाग को निर्देशित करते हुए महापौर ने कहा कि जोन 10 के वार्डों में अवैध निर्माणों से संबंधित जितने भी आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उन सभी में शासकीय अधिनियम के अनुसार तत्काल नोटिस जारी किया जाए और नियमानुसार कड़ी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आरडीए अध्यक्ष नंदकुमार साहू ने भी भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगे इन शिविरों के माध्यम से जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

